
गाजियाबाद : थाना खोड़ा क्षेत्र में रहने वाले विशंभर के घर से बदबू आ रही थी। जब दुर्गंध सहन नहीं हुई तो मकान मालिक ने बाहर की कुंडी खोलकर देखा, उसके पैरों तले की जमीन खिसक गई। वहां फर्श पर महिला लाश पड़ी थी। उसका गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। घटना की सूचना खोड़ा थाने की पुलिस को दी गई।
क्या है पूरा मामला
मौके पर पहुंची थाना पुलिस की पूछताछ में लोगों ने बताया कि महिला का नाम रुकमणी 40 वर्ष है। वह बिहार के अररिया जिले की रहने वाली थी। उसके पति का नाम जीतू है। जीतू राजमिस्त्री का काम करता है। रुकमणी की हत्या के बाद से जीतू अपनी 5 वर्ष की बेटी के साथ गायब है। जबकि मकान मालिक ने बताया कि बुधवार सुबह उसने दोनों को साथ में देखा था। तीन दिन पहले जीतू ने अपनी बेटी का जन्मदिन भी मनाया था।
पुलिस को पति पर शक
सीओ इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर थाना खोड़ा की पुलिस मौके पर पहुंची और जब मकान के अंदर गई तब देखा कि एक महिला का शव पड़ा था। वह अपने पति जीतू और पांच वर्ष की बेटी के साथ किराये पर रह रही थी। फिलहाल पति जीतू गायब है। इसलिए प्रथमदृष्टया शक उसी पर जाता है। रुकमणी के परिजन दिल्ली में रहते हैं। उन्हें भी मौके पर बुलाया गया। उन्होंने बताया कि परिजनों ने रुकमणी की हत्या का शक जीतू पर ही जताया है। रुकमणी का शव फूला हुआ था, जिसे देखकर आशंका जाहिर की जा रही है कि हत्या तीन दिन पहले हुई थी। पति जीतू हत्या के बाद अपनी पत्नी के शव के साथ ही रह रहा था। लेकिन, जब शव से बदबू आने लगी, तब वह अपनी बेटी को लेकर भाग गया।

Author: मोहम्मद इरफ़ान
Journalist



