Bharat News Today

सर्व सेवा संघ के समर्थन में राकेश टिकैत ने भरी हुंकार, कहा जरूरत पड़ी तो दिल्ली से वाराणसी मोड़ लाएंगे ट्रैक्टर

वाराणसी। गुरुवार 10 अगस्त 2023 को शास्त्री घाट कचहरी वाराणसी में सर्व सेवा संघ परिसर राजघाट और सर्वोदय प्रकाशन को वापस पाने के लिए गांधीजनों ने विशाल जनसभा आयोजित की। इस दौरान देश भर से आए भारी संख्या में गांधीजन जुटे थे। अगस्त क्रांति 1942 की पवित्र स्मृति में आयोजित सभा में हजारों लोगों ने पूंजीपतियों के इशारे पर चल रही नरेंद्र मोदी की बीजेपी सरकार के खिलाफ नई आज़ादी की लड़ाई लड़ने को और नया देश निर्माण करने का संकल्प लिया।

बता दें कि सर्व सेवा संघ वाराणसी परिसर राष्ट्रीय स्तर की संस्था है। महात्मा गांधी की हत्या के बाद बनी ये संस्था लोकसत्ता और लोकराजनीति निर्माण के लिए काम करती है। देश भर में सर्व सेवा संघ के आश्रम प्रगतिशील, अहिंसक, लोकतांत्रिक शांतिपूर्ण, साहित्य रचना के साथ-साथ जनता के बीच गांधी विचार के कार्यक्रम और प्रशिक्षण के काम मे लगी हुई है।

इस विशाल जनसभा के दौरान किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि प्रथम राष्ट्रपति राजेन्द्र बाबू, प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, सन्त विनोबा भावे, बाबू जगजीवन राम, जयप्रकाश नारायण, लालबहादुर शास्त्री की कोशिशों से बनी हुई यह संस्थान धरोहर है। ये लोग जो आज कुर्सी पर है ये धरोहर विरासत शब्द का मतलब नहीं जानते। ये खुद को हिन्दू बोलते है, लेकिन ये हिन्दू शब्द का भी मतलब नहीं जानते। हम इस देश में असली हिन्दू है। अब ये साफ बोलना होगा कि नागपुरी हिन्दू अलग है और देश का हिन्दू अलग है। आने वाले सर्दियों में सड़क को गर्म करना होगा। हमारे ट्रैक्टर सिर्फ दिल्ली की ओर जाएंगे ऐसा कोई तय थोड़े न है। जरूरत पड़ी तो ट्रैक्टर बनारस की ओर मोड़ लाएंगे।

वरिष्ठ गांधीवादी कुमार प्रशांत ने कहा कि आज गंगा के किनारे हम सब लोग देश के अलग अलग जगह से यहां आए हैं। इतने लोगों की उपस्थिति इस बात को दर्शाती है कि बनारस में कितनी गलती कर रही है सरकार। पूर्व विधायक पंकज पुष्कर ने कहा ये हमला एक बड़ा सबक है की हमे अब गांधी, अंबेडकर, जेपी, लोहिया की विरासत को बचाना होगा। भारत जोड़ो अभियान के प्रतिनिधि के रूप में मैं विश्वास दिलाता हूं कि हमलोग इस निज़ाम से लड़ेंगे।

योगेंद्र यादव( स्वराज इंडिया) ने कहा आज की सभा में इतनी महिलाएं आई है ये बड़ी बात है। यहां अलग – अलग संघर्ष के नेता है, पिछले दो दिन से इस देश के सांसद में एक अविश्वास के प्रस्ताव पर चर्चा हो रही है। सांसद चर्चा कर रहे है की मोदीजी की सरकार पर विश्वास नहीं है। ये अविश्वास प्रस्ताव मणिपुर की घटना की वजह से लाई गई। प्रधानमंत्री इस पर एक शब्द नही बोले। संसद बहुत बड़ी है पर संसद से बड़ी सड़क है। आपके शहर बनारस में गांधी की विरासत सर्व सेवा संघ ७० साल से मौजूद है। आज ७० साल के बाद सरकार कहती है, तुमने कब्जा कर रखा है, तुम गैरकानूनी हो। सवाल जमीन का नहीं गांधी की विरासत का है।

मेधा पाटकर ने कहा कि आज गांधी की सत्याग्रह की सबसे ज्यादा जरूरत है, आरएसएस मोदी इसी से डर रहे हैं। आज देश भर में जो आवाज़ उठ रही वो गांधी को मानने वालों की है। सर्व सेवा संघ की जमीन को कब्जा करने वाले पूरे देश में एयरपोर्ट फ्लाईओवर के नाम पर कब्जा करने वाले लोग है। ये मजदूर किसान पर हमला है। इसके खिलाफ लड़ाई आज बनारस में है। अगर गंगा को बचाना चाहते है तो सर्व सेवा संघ को बचाना होगा। आज मोदीजी जब भी बाहर जाते है तो गांधी का नाम लेते हैं पर बनारस में उनका संस्थान बंद करते हैं। मैंने रेलवे और उच्च अधिकारियों से बात की पर उन्होंने कहा ये हमारे स्तर की बात नहीं ये ऊपर से चल रहा है। हमें ये मंजूर नहीं।

सभा में प्रमुख रूप से मेधा पाटेकर, किसान नेता राकेश टिकैत, योगेंद्र यादव, अरुंधति धुरु, अफलातून भाई, सर्व सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्दन पाल, समाजवादी नेता डॉ. नीलम, प्रो. आनंद कुमार, आशा भोथरा, पूर्व विधायक पंकज पुष्कर, वरिष्ठ गांधीवादी कुमार प्रशांत, प्रदीप खेलोलकर, जागृति राही आदि लो मौजूद रहे।

Leave a Reply

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज

Gold & Silver Price