
बरेली।चंद्रयान-3 की जब से चांद पर लैंडिंग हुई है, तब से नई- नई जानकारी सामने आ रही हैं।आगे चलकर अगर सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो चांद पर जीवन की खोज हो सकती है।चंद्रयान-3 की लैंडिंग के बाद बरेली के एक भारतीय जनता पार्टी के नेता ने चांद पर एक एकड़ जमीन खरीदने का दावा किया है।दरअसल चंद्रयान-3 की लैंडिंग से पहले ही दो विदेशी कंपनियां चांद पर जमीन बेचने का काम कर रही हैं।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की आंवला तहसील के शेखुपुर खालसा गांव के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर ओम सागर भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित मोर्चा के जिला महामंत्री हैं। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद भाजपा नेता ने चांद पर एक एकड़ जमीन खरीदने का दावा किया है।
भाजपा ओम सागर ने बताया कि उनका एक बेटा है, जिसका नाम नमाय सागर है। बेटा मेरे लिए चांद का टुकड़ा है, इसलिए मैंने उसके लिए ही चांद पर लेक ऑफ ड्रीम के पास एक एकड़ जमीन खरीदी है।भाजपा नेता ने बताया कि लूना सोसायटी इंटरनेशनल चांद पर जमीन बेच रहा है, जिससे हमने रजिस्ट्री कराई है।
भाजपा नेता ओम सागर की पत्नी रेखा सागर ने बताया कि हमारे लिए बेटा चांद के टुकड़े जैसा है, इसलिए उसे चांद का टुकड़ा तोहफे में दिया है। हमारे मां बाप ने हमारे लिए जो भी किया, उसी तरह हम अपने बेटे के लिए करना चाहते हैं। हम उसको इतना काबिल बनना चाहते हैं कि वह खुद एक दिन चांद तक जाए।
मिली जानकारी के मुताबिक विश्व में दो ऐसी कंपनियां हैं, जो चांद पर जमीन बेचने काम करती है।इसमें पहली कंपनी लूना सोसायटी इंटरनेशन है। दूसरी कंपनी इंटरनेशनल लूनर लैंड्स रजिस्ट्री नाम से हैं। ये दोनों कंपनियां विश्व भर के लोगों को चांद पर जमीन बेच रही हैं।सबसे बड़ी बात यह कि भारतीय लोग भी चांद पर जमीन खरीद रहे हैं। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद इसका क्रेज और बढ़ा है।

Author: मोहम्मद इरफ़ान
Journalist



