
वाराणसी।लोकसभा और राज्यसभा से नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल पास होने के बाद शनिवार को देश की सांस्कृतिक राजधानी काशी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महिलाओं ने भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित नारी शक्ति वंदन-अभिनंदन कार्यक्रम को पीएम मोदी ने संबोधित किया।
सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित नारी शक्ति वंदन-अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन जैसा ऐतिहासिक कानून पास होने के बाद मैं सबसे पहले काशी में आप सबका आशीर्वाद लेने आया हूं। ये मेरा सौभाग्य है कि इतनी बड़ी संख्या में आप हमें आशीर्वाद दे रहे हैं।पीएम ने कहा कि तीन दशकों से ये कानून लटका हुआ था,लेकिन आज ये आपकी ही ताकत है कि संसद के दोनों सदनों में ऐसी-ऐसी पार्टियों को इसका समर्थन करना पड़ा, जो पहले इसका भरपूर विरोध करते थे।
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ ही समय में दुर्गा पूजा का उत्सव शुरू होने वाला है। नारी शक्ति वंदन अधिनियिम ने इसबार दुर्गा पूजा के उत्साह को और भी कई गुना बढ़ा दिया है। पीएम ने कहा कि इस कानून से देश के महिला विकास के लिए रास्ते खुलेंगे, लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं की उपलब्धि बढ़ेगी। मैं इसके लिए देश भर की मताओं-बहनों को काशी की पवित्र धरती से बधाई देता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारा देश शुरू से पुरुष प्रधान रहा है, लेकिन जब से हमारी सरकार बनी है। खेल के मैदान से लेकर राफेल उड़ाने तक महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। हमने मुद्रा योजना शुरू की। इसका सबसे ज्यादा फायदा महिलाओं को मिला। जितने भी छोटे-बड़े उद्योग जो बंद होने थे, उन्हें फिर से गति मिली है। महिलाएं आज देश की तरक्की में भागीदारी निभा रही हैं। वे अपने हुनर से अपने इलाके में पहचान बना रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि पीएम आवास योजना महिलाओं के नाम पर दिया जा रहा है।हमें ऐसा समाज तैयार करना है, जिसमें किसी नारी को आगे बढ़ने के लिए किसी की भी जरूरत न पड़े। इसिलिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया है।पीएम ने कहा कि कुछ लोगों को वंदन शब्द से दिक्कत है।माताओं-बहनों का वंदन नहीं होगा तो किसका होगा। पीएम ने हर-हर महादेव का उदघोष कर संबोधन समाप्त किया।

Author: मोहम्मद इरफ़ान
Journalist



