Bharat News Today

सीएम योगी ने यूपी के पहले सीएम को दी श्रद्धांजलि, कहा- भारत माता के महान सपूत थे गोविंद बल्लभ पंत

लखनऊ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री और देश के गृह मंत्री रहे पंडित गोविंद बल्लभ पंत की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजिल अर्पित की।सीएम ने गोविंद बल्लभ पंत को याद करते हुए कहा कि वह भारत माता के महान सपूत थे।सीएम ने उनकी स्मृतियों को भी नमन किया।

सीएम योगी ने कहा कि भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा देश की आजादी के लिए समय- समय पर चलाए गए आंदोलनों में अग्रणी भूमिका निभायी। उन्होंने 24 जनवरी 1950 को उत्तर प्रदेश के पुनर्गठन पर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की व्यवस्था को सुचारू रूप से आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया।

सीएम योगी ने कहा कि इससे पहले उन्होंने वर्ष 1937 में संयुक्त प्रांत के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेशवासियों को अमूल्य सेवाएं देते हुए आजादी के आंदोलन में अपनी सक्रिय भूमिका को बनाए रखा। साथ ही दिसंबर 1954 में देश के प्रथम गृह मंत्री और उप प्रधानमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के आकस्मिक निधन के बाद देश के गृह मंत्री के रूप में अपने दायित्व का निर्वहन किया।

सीएम ने कहा कि इसके अलावा वर्ष 1955 से 1961 तक देश के गृह मंत्री के रूप में उन्होंने अपनी अमूल्य सेवाएं देकर राजभाषा हिंदी को सम्मान दिलाने का कार्य किया। देश के प्रति उनकी सेवाओं के लिए वर्ष 1957 में उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया। इतना ही नहीं उन्होंने भारत की संविधान सभा के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं।

Leave a Reply

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज

Gold & Silver Price