Bharat News Today

शिवपाल सिंह यादव पर मुकदमा दर्ज मायावती के खिलाफ की थी अभद्र टिप्पणी

बदायूं। पूर्व मुख्यमंत्री बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करना समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव को भारी पड़ गया है।बसपा जिलाध्यक्ष राम प्रकाश त्यागी की तहरीर पर मायावती के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में शिवपाल सिंह यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।शिवपाल सिंह यादव के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 504 (जानबूझकर अपमान करना) और 505 (सामाजिक उपद्रव फैलाने वाला वक्तव्य देना) के तहत रविवार देर रात मुकदमा दर्ज किया गया है।

बसपा जिलाध्यक्ष राम प्रकाश त्यागी ने दावा किया कि उन्होंने  3 मई को अपने मोबाइल फोन पर एक चैनल की समाचार क्लिपिंग देखी थी, जिसमें शिवपाल ने बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के खिलाफ अमर्यादित व अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया था। त्यागी ने कहा कि मायावती चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं और उनके लिए अपमानजनक शब्द प्रयोग करने से बसपा कार्यकर्ताओं में बहुत रोष है।

बसपा जिलाध्यक्ष राम प्रकाश त्यागी के अनुसार इसी वजह से उन्होंने पुलिस को उस टिप्पणी का वीडियो उपलब्ध कराया था, जिसकी जांच करने के बाद कोतवाली सिविल लाइंस में शिवपाल सिंह यादव के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। त्यागी ने कहा कि इस मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को भी संज्ञान लेना चाहिए।

बता दें कि शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव बदायूं लोकसभा से समाजवादी पार्टी से प्रत्याशी हैं।सपा यहां से पहले भी अपने दो प्रत्याशी बदल चुकी है।सपा ने पहले बदायूं से धर्मेंद्र यादव को प्रत्याशी बनाया था। बाद में एक अन्य लिस्ट में सपा ने धर्मेंद्र यादव की जगह शिवपाल सिंह यादव को प्रत्याशी बनाया। इसके बाद सपा ने एक अन्य लिस्ट जारी कर शिवपाल सिंह यादव की जगह बदायूं से उनके बेटे आदित्य यादव को प्रत्याशी बनाया है।

Leave a Reply

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज

Gold & Silver Price