Bharat News Today

ईडी-सीबीआई जैसी संस्थाओं को हमेशा के लिए खत्म कर देना चाहिए: अखिलेश यादव

लखनऊ।पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने शनिवार को सपा कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल और बहुजन समाज पार्टी से आए नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई।अखिलेश यादव ने इसके बाद मीडिया को संबोधित करते हुए ईडी और सीबीआई के काम करने के तरीके पर सवाल उठाया। अखिलेश यादव ने इलेक्शन बांड के जरिए भाजपा को मिलने वाले चंदे पर भी सवाल उठाए।

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और सीबीआई के काम करने के तरीके पर कहा कि ऐसी संस्थाएं हमेशा के लिए खत्म कर देनी चाहिए। जैसे नेताजी मुलायम सिंह यादव ने सत्ता में आने पर व्यापारियों पर लगने वाला चुंगी खत्म कर दिया था।

अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में जिस तरह महिलाओं के खिलाफ अपराध हो रहे हैं उसका संज्ञान गृह मंत्रालय को लेना चाहिए। प्रदेश में कई महिला उत्पीड़न के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था बदहाल है। केंद्रीय गृह मंत्रालय को समय-समय पर राज्य की कानून व्यवस्था की भी समीक्षा करनी चाहिए।क्योंकि यहां रक्षक ही भक्षक बन जाते हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 का चुनाव लोकतंत्र बचाने का चुनाव है।संविधान बचाने का चुनाव है और अपना सम्मान बचाने का चुनाव है। यूपी के लोगों ने भाजपा का 2014 में स्वागत किया है और अब 2024 में विदाई कर देंगे। यूपी के लोग स्वागत अच्छा करते हैं तो विदाई भी अच्छी करते हैं। अखिलेश ने कहा कि भाजपा पीडीए की बढ़ती ताकत से घबरा गई है। इस बार उनकी विदाई निश्चित है। अखिलेश ने नारा दिया कि भाजपा हटाओ एमएसपी की कानूनी गारंटी पाओ। भाजपा हटाओ नौकरी पाओ।

अखिलेश यादव ने खुलासा किया कि समाजवादी पार्टी को इलेक्टोरल बांड के माध्यम से एक बार ढाई करोड़ रुपये मिले। ऐसी ही कुछ राशि एक अन्य बार भी मिली। भाजपा को भी खुलासा करना चाहिए और एसबीआई को डिटेल देनी चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री बसपा मुखिया मायावती द्वारा एक बार फिर से अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने पर अखिलेश यादव ने कहा कि इसके लिए उन्हें धन्यवाद।बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शनिवार सुबह ही एक्स पर कहा कि बसपा के किसी भी गठबंधन में शामिल होने की बातें अफवाह हैं। बसपा अकेले ही चुनाव लड़ेगी।

शनिवार को डॉक्टर सीताराम राजपूत भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में अपने समर्थकों के साथ शामिल हो गए। इसके अलावा, आरएलडी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे लतेश विधूड़ी, परवेज आलम, बसपा के इलियास अंसारी, कुशीनगर, पूर्व विधायक सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, हरदोई के तिलक चंद्र वर्मा, औरैया के पूर्व विधायक मदन गौतम और सुबोध यादव सपा में शामिल हो गए।

Leave a Reply

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज

Gold & Silver Price